ईश्वर जीवन में सभी को अवसर प्रदान करता है- अखिल कुमार वर्मा

विहान हिंदुस्तान न्यूज

 ज्ञान की भंडार पुस्तके इंटरनेट के इस युग मे आज भी प्रासंगिक हैं। इस ज्ञान के भण्डार में से आप बांटेंगे उतना बढ़ेगा। पुस्तकों ने कई प्रसिद्ध वैज्ञानिकों एवं नेताओं का मार्ग प्रशस्त किया है। आपको भी आगे बढ़ने में इनका योगदान रहेगा।

       यह प्रेरणादायी उदगार हाईकोर्ट इंदौर के अपर संचालक फायनेंस अखिलकुमार वर्मा ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय छोटी खजरानी में जनसहयोग से निर्मित वाचनालय तथा गतिविधि कक्ष के शुभांरभ अवसर पर व्यक्त किए। श्री वर्मा ने कहा कि ईश्वर सभी को जीवन में उन्नति  करने के समान अवसर प्रदान करता है। हमें उन अवसरों को भुनाना होगा। वाचनालय में आकर अपनी रुचि अनुसार किताबें चुने और उसे अपने भावी जीवन में तथा कैरियर बनाने में उपयोग करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शाला के प्रमुख़ भगवतीप्रसाद पंडित ने कहा कि संसार के हर विषय से सबंधित जानकारी करोड़ों पुस्तकों में सैकड़ो भाषाओं के माध्यम से दर्ज है। गूगल में उपलब्ध जानकारी का स्त्रोत भी किताबें हैं। किताबों का महत्व कभी खत्म नहीं होगा। मनुष्य के विचारों को लिपिबद्ध करती हैं किताबें। किताबों के माध्यम से ही विचार करोड़ों तक पहुंचते हैं। कई क्रांतियों की जन्मदात्री पुस्तकें ही हैं।

    श्री पंडित ने बताया कि इस वाचनालय तथा गतिविधि कक्ष जनसहयोग से विकसित किया गया है। रोटरी क्लब ऑफ इंदौर प्रोफेशनल्स ने स्मार्ट टीवी प्रदान किया है। विशेष अतिथि कवि-लेखक देवीसिंह बारूपाल ने कविता के माध्यम से किताबों का महत्व बताया। शिक्षक एवं समाजसेवी राजकुमार यादव ने किताबों को मनुष्य का सबसे अच्छा साथी बताया। राज्य आदर्श शिक्षक मंच (रस्म) के सचिव गंगाराम प्रजापति ने कहा कि बच्चों को वाचनालय में उपलब्ध पुस्तकों का भरपूर लाभ लेना चाहिए। रिटायर्ड हेडमास्टर एम एल जैन ने बच्चों को मिले उपहार को अनमोल बताया और इसे मेंटेन रखने की अपील की। यात्रा लेखक एवं वरिष्ठ संपादक लक्ष्मीकांत पंडित ने कहा कि किताबों की दुनिया अद्भुत है। इसमें सभी रंग है, सभी विधाएँ हैं।

       कार्यक्रम के आरंभ में ज्ञानदाता प्रथम पूज्य श्री गणेशजी एवं विद्या की देवी मां शारदा की प्रतिमा का पूजन किया गया। ज्ञानजोत दीप का प्रज्ज्वलन किया गया। अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ शिक्षक रामलाल अलावा तथा बाल कैबिनेट के सदस्य दीपक केवड़े, कु. मोहिनी अरण्डे ने मोती की मालाओं से किया। बच्चों ने सरस्वती वंदना औऱ प्रेरणा गीत गाया। इस अवसर पर सीमा कुलकर्णी, जागृति चांडक का सराहनीय योगदान रहा। विद्यार्थियों और अतिथियों को स्मार्ट टीवी पर शाला की गतिविधियों की एक वीडियो भी दिखाई गई। अखिल वर्मा ने अपनी ओर से ज्ञानवर्धक पुस्तकें पुस्तकालय को भेंट कीं और समस्त विद्यार्थियों को फलों का वितरण किया। अंत में शिक्षिका साधना कानूनगो ने आभार प्रकट किया।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page