अमित शाह के कार्यक्रम में भाजपा करना चाहती थी शक्ति प्रदर्शन, ऐन वक्त पर बना सरकारी कार्यक्रम

बारामूला से मुनीष शर्मा, विहान हिंदुस्तान न्यूज

देश के गृह मंत्री अमित शाह 5 अक्टूबर को कश्मीर के बारामूला सेक्टर में पहुंच रहे हैं। शाह का यह कार्यक्रम सफल बनाने के लिए जनता की भारी भीड़ यहां बुलवाई जा रही है। करीब एक लाख लोग कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे यह दावा किया जा रहा है। गृह मंत्री शाह का बारामूला में पहली बार इतना बड़ा कार्यक्रम है। खास बात यह है कि इतने बड़े कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए चंडीगढ़ से सामान बुलवाया गया है।

अमित शाह का पहले 2 अक्टूबर को बारामूला आने का कार्यक्रम था लेकिन बाद में इसे बदला गया और सरकारी कार्यक्रम किया गया। पूर्व में यह भाजपा पार्टी से जुड़ा कार्यक्रम था जिसके लिए बैनर भी तैयार कर लिये गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का फोटो भी अमित शाह के साथ लगाया जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम के लिए लगभग 25 हजार कार्यकर्ता जमा हो पा रहे थे जो भाजपा के ही कार्यकर्ता होते। बाद में यह तय हुआ कि कार्यक्रम सरकारी हो ताकि गृह मंत्री अमित शाह सीधे जनता से जुड़ सके। कार्यक्रम बदला गया और अमित शाह के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के फोटो भी बैनर-पोस्टर पर लगाए गए। सरपंचों को 100-100 लोगों को साथ लाने के लिए कहा गया। हर वार्ड से ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने के लिए कहा जा रहा है। वार्डों में वाहन भेजे गए हैं ताकि लोगों को कार्यक्रम स्थल बाइज गर्वमेंट डिग्री कॉलेज बारामूला तक लाया जा सके। बारामूला जिला भाजपा अध्यक्ष मीर मुश्ताक नोशेरी का दावा है कि एक लाख जनता मौके पर होगी। हर वार्ड में वाहन पहुंचा दिए गए हैं और सुबह से ही लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएंगे। उधर, जनता को उम्मीद है कि अमित शाह जनता के लिए कुछ घोषणा भी करेंगे खासकर पुलिसभर्ती को लेकर। कार्यक्रम के बाद अमित शाह उड़ी में एसएसओ के निवास पर जाएंगे जिन्हें पिछले दिनों आतंकवादियों ने मार दिया था। कार्यक्रम के बाद अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेंगे। कुल मिलाकर यह माना जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा ने अपना चुनावी कार्यक्रम शुरू कर दिया है।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page