मध्यप्रदेश बदलाव चाहता है, पहले विकल्प नहीं था, अब आप पार्टी के रूप में विकल्प मिल गया है- अरविंद केजरीवाल

विहान हिंदुस्तान न्यूज

भोपाल में आज आम आदमी पार्टी ने बड़ा आयोजन किया। इस आयोजन में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस का खेल खत्म हो चुका है। जनता ने कांग्रेस को 45 साल और भाजपा को 20 साल मौके दिए लेकिन इन्होंने मध्यप्रदेश को लूटने के अलावा कोई काम नहीं किया। अब मध्यप्रदेश बदलाव चाहता है। अभी तक जनता के पास विकल्प नहीं था लेकिन अब आम आदमी पार्टी के रूप में एक ईमानदार विकल्प मिल गया है। जनता ने सिंगरौली में आप पार्टी की मेयर बनाकर ट्रेलर दे दिया है और अब विधानसभा चुनाव में पिक्चर पूरी होगी।

कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे पांडाला में अपने भाषण में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश का प्रधानमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए। अगर देश के प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे होते तो उनको शिक्षा का महत्व पता होता कि देश के विकास के लिए शिक्षा कितनी जरूरी है। केजरीवाल ने कहा मनीष सिसोदिया जैसे शख्स को देश का शिक्षा मंत्री बनाकर सारे सरकारी स्कूलों को ठीक करने की जिम्मेदारी देते लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने ऐसे शख्स को जेल में डाल दिया। केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश से कुछ लोग मुझसे मिले और बताया कि मध्यप्रदेश में सरकारें बेची और खरीदी जाती हैं। यह बड़ी समस्या है। आज मध्यप्रदेश का हर नागरिक अपने आप को बेबस महसूस कर रहा है। चुनाव खत्म होते ही एक पार्टी अपनी रेहड़ी लेकर निकलती है कि एमएलए ले लो और एक पार्टी उन एमएलए को खरीदने के लिए तैयार बैठी है। इन्होंने पूरी व्यवस्था, संविधान और देश के लोकतंत्र को बाजार बना दिया है। यहां पर खुलेआम एमएलए बिकते और खरीदे जाते हैं। मध्यप्रदेश का एक-एक नागरिक शिवराज सिंह चौहान (मामा) को हटाना चाहता है और पिछली बार ही हटा दिया था। मध्यप्रदेश का एक-एक वोटर बेबस हो गया है, वो कहां जाए? लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि कैसे इस सरकार को बदले। चाहे कांग्रेस को वोट दे या भाजपा को दे लेकिन सरकार तो मामा की बनेगी लेकिन इस बार मध्यप्रदेश में झाड़ू चलेगी और अब इनका खेल खत्म हो गया है। आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश में आ गई है। जो लोग मामा (शिवराज सिंह चौहान) को हटाना चाहते हैं, वो सभी लोग झाड़ू को वोट दें। आज पूरा मध्यप्रदेश बदलाव चाहता है। अभी तक लोग बेबस थे लेकिन अब आम आदमी पार्टी एक ईमानदार विकल्प मिल गया है। जैसे दिल्ली और पंजाब के अंदर ठीक किए, अब मध्य प्रदेश को भी बदलेंगे।

केजरीवाल का भाषण सुनते हुए आप पार्टी के कार्यकर्ता

बिजली करेंगे मुफ्त, अस्पतालों की दशा सुधारेंगे

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में हमने सभी की बिजली मुफ्त कर दी। मध्यप्रदेश एक मौका देता है तो यहां भी बिजली मुफ्त कर देंगे। दिल्ली में हमने शानदार सरकारी स्कूल बना दिए जहां गरीबों के बच्चों को शानदार शिक्षा मिल रही है। मध्यप्रदेश में आप की सरकार बनती है तो शानदार अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनाएंगे और सभी को मुफ्त में अच्छा इलाज होगा।

मध्यप्रदेश में भी हम कच्चे कर्मचारियों को पक्का करेंगे

आज भाषण के दौरान केजरीवाल जैसे अपनी पार्टी का मेनिफेस्टों बता रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब में कई फसलों पर किसानों को एमएसपी दी जा रही है। दिल्ली और पंजाब में फसल बर्बाद होने पर किसानों को उसका मुआवजा मिलता है। मध्यप्रदेश में मौका मिला तो यहां भी किसानों को एमएसपी देंगे। उन्होंने कहा दिल्ली में मैंने 12 लाख युवाओं को नौकरियां दिलवाई है। पंजाब में केवल एक साल में 27 हजार सरकारी नौकरियां दी हैं। शिवराज सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जब बेरोजगार युवा नौकरी की मांग को लेकर धरना देने आए तो उनके ऊपर पुलिस ने डंडे बरसाएं। हमें नौकरी देनी आती है, हमारी नीयत साफ है। हमने दिल्ली-पंजाब में नौकरी देकर दिखाया है। मध्यप्रदेश के युवाओं से अपील है, हमें एक मौका देकर देखो, हम सबके लिए नौकरी का इंतजाम करेंगे। पंजाब में हमारी सरकार ने 25 हजार सरकारी कर्मचारियों को पक्का कर दिया है। मध्यप्रदेश में भी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करेंगे।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page