महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आग, 13 पुजारी झुलसे, सीएम ने दिए मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश

विहान हिंदुस्तान न्यूज

उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में आज आग लगने की घटना ने सभी को चौंका दिया। यह आग मंदिर के गर्भगृह में भस्मारती के समय लगी। आग इतनी तेजी से फैली की उसमें 13 पुजारी झुलस गए। कुछ पुजारियों को इंदौर भी रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव खुद इंदौर पहुंचे हैं और घायल पुजारियों के हाल जाने। सीएम उज्जैन भी जा रहे हैं जहां स्थिति का जायजा लेंगे। हादसे की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश भी सीएम ने दिए हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना को लेकर ट्वीट किया जिसमें हादसे को दुखद बताते हुए पीड़ितों के उपचार की बात कहीं है।

होली पर्व पर आज सुबह महाकाल मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। गर्भगृह में अचानक आग भभक उठी, जिसमें 13 लोग झुलस गए। पण्डे, पुजारी और सेवक चपेट में आए हैं जिसमें से कुछ लोगों को इंदौर रेफर किया है। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रोज सुबह होने वाली भस्मारती में आज सुबह भी होली का अपार उत्साह था। बड़ी संख्या में दर्शनार्थी इस खास दिन भगवान महाकाल की भस्मारती में शामिल होने पहुंचे थे। भगवान के साथ भक्त होली खेलने पहुंचे थे। इसके लिए भीड़ उमड़ पड़ी और रंग और गुलाल उड़ाने की होड़ मच गई। इसी दौरान आग भभक उठी। बताया जा रहा है गुलाल के कारण आग भभकी और देखते ही देखते गर्भगृह में फैल गई।

मुख्य पुजारी परिवार के पुजारी संजय गुरु, विकास पुजारी, मनोज पुजारी, पुजारी शिवम, आनंद पांडे, अंश पुरोहित, सेवक महेश शर्मा, कमल जोशी, चिंतामन गेहलोत आदि घायल हो गए। कलेक्टर सिंह ने बताया हमारी पहली प्राथमिकता सभी का उपचार कराना है। उन्होंने भी प्रारंभिक तौर पर गुलाल के कारण आग लगने की पुष्टि की है।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page