दंगल में गुरु की मौत के बाद रेहान ने कुश्ती छोड़ी, देवास के राज सांगते बने म.प्र. महापौर केसरी

मुनीष शर्मा, विहान हिंदुस्तान न्यूज

14 साल बाद हुए महापौर केसरी कुश्ती प्रतियोगिता में म.प्र. महापौर केसरी का खिताब देवास के राज सांगते ने हासिल किया। फाइनल मुकाबले में राज का मुकाबला इंदौर के रेहान खान से होना था लेकिन रेहान ने अपने गुरु अमरदीप सोनी की मौत से दुखी होकर कुश्ती नहीं ल़ड़ने का फैसला लिया। असल में सेमीफाइनल मुकाबले में रेहान ने जब अजीम खान को हराया तो उनके गुरु अमरदीप की खुशी का ठिकाना नहीं रहा जिससे उन्हें हार्टअटैक आ गया। उन्हें तुरंत ही एमवाय अस्पताल ले गए जहां उनका निधन हो गया। महिलाओं में महापौर केसरी का खिताब हंसाबेन ने जीता। फाइनल में हंसाबेन ने महू की कशिश वर्मा को पराजित किया।

इंदौर नगर निगम द्वारा आयोजित इस कुश्ती प्रतियोगिता के मुकाबले वैसे तो 23 फरवरी से शुरू हो गए थे लेकिन अंतिम मुकाबले रविवार (26 फरवरी) को हुए। मुख्य कुश्ती म.प्र. महापौर केसरी की ही होना थी जिसमें रेहान का मुकाबला राज से होना था। असल में म.प्र. महापौर केसरी के विजेता के रूप में रोहित पटेल को देखा जा रहा था लेकिन रोहित को अजीम खान ने पराजित कर दिया था। यही कारण रहा कि अजीम खान और रेहान की कुश्ती पर सभी की नजर थी। रेहान ने जैसे ही अजीम पर जीत दर्ज की रेहान के गुरु अमरदीप खुशी से उछल पड़े। बस इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव व सामान्य प्रशासन समिति के अध्यक्ष नंदकिशोर पहाडि़या ने कुछ समय के लिए कुश्ती रूकवा भी दी ताकि अमरदीप सोनी को एंबुलैंस तक ले जाने के लिए लोग राह दे दे।

कुछ उठापटक के मुकाबलों में विवाद भी हुए….  

कुश्ती के दौरान कुछ मामलों में विवाद के हालात भी बने लेकिन आयोजन समिति ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया। 60 किलोग्राम वजन वर्ग में अंकुश यादव व जय पुरी के बीच हुए पाइंट के विवाद को लेकर कुछ देर दंगल रोकना पड़ा। स्थिति यह हुई कि द्रोणाचार्य अवार्ड प्राप्त महासिंह राव  को रिप्ले देखकर निर्णय देना पड़ा। पुलिस को भी कुछ देर के लिए स्थिति संभालना पड़ी। मुकाबले में अंकुश यादव को विजयी घोषित किया गया। एक अन्य विवाद 28 किलो वर्ग में हुआ। यह कुश्ती आयुष ठाकुर ने जीती। आयुष के पिता धीरज ठाकुर खुद भी सुपर कॉरिडोर पर बड़ा दंगल करवा चुके हैं।

इन्हें भी मिली जीत…

55 किलो वर्ग में गौतम ठाकुर, 65 किलो वर्ग में सूरज चौहान, 32 किलो में युवराज खींची, 36 किलो वर्ग में सूरज प्रजापत, 40 किलो में विनय यादव, 45 किलो में हरीश सिसोदिया, 50 किलो में सुशांत यादव, 70 किलो वर्ग में यशपाल ने जीत हासिल की। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री व म.प्र. कुश्ती संघ के अध्यक्ष मोहन यादव, देवास-शाजापुर के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, प्रदेश टुडे के प्रबंध संपादक हृदेश ​दीक्षित, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सभापति मुन्नालाल यादव, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाडि़या, राजेंद्र राठौर, निरंजनसिंह चौहान, पार्षद भारतसिंह रघुवंशी आदि उपस्थित थे। आयोजन समिति के सदस्यों नरेश वर्मा (मुन्ना), विजय मिश्रा, श्रीदयाल यादव, नंदकिशोर यादव, जितेंद्र वर्मा, गोलू कश्यप, नीलिमा बौरासी, खांडेराव नामदेव, कुलदीप यादव, सौमेंद्र यादव की भी मंच से काफी तारीफ की गई।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page