प्रदेश में पहली बार : महापौर केसरी कुश्ती प्रतियोगिता में अब महिलाओं के भी मुकाबले होंगे

मुनीष शर्मा, विहान हिंदुस्तान न्यूज

इंदौर फिर प्रदेश में नया रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। यहां 23 से 26 फरवरी तक महापौर केसरी कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हो रही है जिसमें महिला वर्ग के भी मुकाबले रखे गए हैं। अभी तक म.प्र. में किसी नगर निगम द्वारा महापौर कुश्ती में महिला वर्ग के मुकाबले नहीं होते थे। महिला कुश्ती में फिलहाल इंदौर जिले की पहलवान ही शिरकत करेंगी लेकिन अगली बार ये प्रदेश स्तर पर आयोजित किया जाएगा। महिला कुश्ती में महापौर केसरी विजेता (55 प्लस ओपन वर्ग) को 51 हजार रुपये व गुर्ज भेंट किया जाएगा।

नगर निगम इंदौर पिछले कई सालों से महापौर केसरी टूर्नामेंट कराता आ रहा है। पिछले 13 साल से ये टूर्नामेंट किसी न किसी कारणों से नहीं हो पा रहा था लेकिन इस बार महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पहल करते हुए यह प्रतियोगिता पुन: शुरू कराई। उन्होंने इस प्रतियोगिता का बजट भी 25 लाख रुपये कर दिया। महापौर श्री भार्गव ने महिला कुश्ती को बढ़ावा देते हुए महिलाओं की कुश्ती प्रतियोगिता भी आयोजित कराने की पहल की। विहान हिंदुस्तान डॉटकॉम भी इस मुद्दे को उठा रहा था। आज महापौर श्री भार्गव ने नगर निगम के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी नंदकिशोर पहाडि़या के साथ छोटे नेहरू स्टेडियम का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने स्टेडियम में साफ-सफाई व रंग-रोगन का भी मुआयना किया। कुश्ती एरिना को लेकर महापौर ने पिछली बार जो सुधार कार्य की बात कही थी उसकी भी जानकारी ली। असल में एरिना की शीट बदली जाना है जिससे पहले एरिना की पुताई की जा रही है। महापौर ने कुश्ती के नए आयामों को लेकर चर्चा की तो इंडियन स्टाइल कुश्ती संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश वर्मा (मुन्ना पहलवान) ने महिला कुश्ती आयोजित कराने की बात रखी। महापौर ने तत्काल इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे डाली क्योंकि वे खुद भी महिला कुश्ती कराने को लेकर विचार कर रहे थे। फिलहाल जिले स्तर पर कराने की बात हुई है लेकिन इसे प्रदेश स्तर पर भी कराने की मांग उठी है। इंदौर में महिला पहलवानों की संख्या कम है जबकि प्रदेशस्तर पर ज्यादा होगी। महिला वर्ग की विजेताओं को मां अहिल्या महापौर केसरी के खिताब से सम्मानित किए जाने की बात आई है। महापौर केसरी के महिला वर्ग में फिलहाल तय किया गया कि 6 अलग-अलग वजन वर्ग में मुकाबले होंगे। 40 किलो वर्ग से यह प्रारंभ होगी और 55 किलो वर्ग या इससे ज्यादा वर्ग तक चलेगी। हालांकि 55 प्लस ओपन वर्ग को लॉक करने की बात नहीं की गई यानी ज्यादा से ज्यादा कितने वजन वर्ग की पहलवान इसमें आ सकती है।

पहलवानों की कुश्ती के लिए मट्टी तैयार

एरिना के अंदर की मट्टी को लेकर भी महापौर श्री भार्गव ने जानकारी ली। फिलहाल ​मिट्टी को जेसीबी के माध्यम से बारीक किया गया है। यह प्रक्रिया पानी डालकर की जाती है। इसके बाद मिट्टी को मुलायम बनाने के लिए छाछ, तेल, हल्दी, नींबू का पेस्ट बनाकर मिलाया जाएगा। इसके कारण पहलवानों को गिरने पर कोई चोट नहीं आती है। यदि चोट भी आती है तो वह इन्फेक्शन पैदा नहीं करती है। एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाडि़या ने विहान हिंदुस्तान डॉटकॉम को बताया कि म.प्र. महापौर कुश्ती प्रतियोगिता में बाहर से आने वाले पुरुष पहलवानों को रूकवाने व भोजन की व्यवस्था भी इंदौर नगर निगम कर रहा है। स्टेडियम में 10 शौचालय बनाए जा रहे हैं।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page