बहन को छोड़ने ससुराल गया, पकड़कर जबरन ननद से शादी कराई

विहान हिंदुस्तान न्यूज
बिहार में पकड़ौआ शादी के मामले अक्सर सामने आते हैं। इसमें दूल्हे को पकड़कर उसकी शादी जबरदस्ती कर दी जाती है, चाहे दूल्हे को दुल्हन पसंद हो या नहीं। अब एक नया मामला समस्तीपुर से सामने आया है। एक भाई अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़ने गया था, वहां पर ससुराल ने लड़के की शादी जबरन उसकी बहन की ननद से करवा दी। इस शादी को मानने से लड़के ने इनकार कर दिया है। समस्तीपुर के सदर अनुमंडल के तहत आने वाले मोरमी में हुई शादी को लेकर काफी चर्चा की जा रही है। यहां पर एक भाई अपनी बहन लेकर उसके ससुराल पहुंचा था कि बहन की ननद की शादी लड़के से जबरदस्ती करा दी गई। दलसिंह सराय के साठा का रहने वाला विनोद कुमार अपनी बहन को लेकर उसके ससुराल पहुंचा। दौरान बहन के ससुराल वालों ने विनोद कुमार को पकड़ लिया और मोंडेश्वर मंदिर लेकर चले गए। वहां लड़का कुछ समझ पाता इसके पहले उसे पागा पहना दिया गया और लड़की को बिना दुल्हन की वेशभूषा में लाकर उसके सामने खड़ा कर दिया गया। उसके बाद लड़के से जबरन वरमाला डालने के लिए कहा गया और मांग में सिंदूर भी भरवा दिया गया। दूसरी तरफ लड़के ने इस शादी से इनकार किया और कहा कि उसने अपने मन से यह शादी नहीं की है। इस शादी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि जबरन लड़के का हाथ पकड़कर उससे वरमाला डलवाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ लड़की चुपचाप बगल से खड़ी हुई है। लड़के ने कहा, वह अपनी मर्जी से शादी करेगा। इस शादी को वह नहीं मानता है। दूसरी तरफ लड़की वालों का कहना है, लड़का सबकुछ छिपा रहा है। जब भी वह अपनी बहन को छोड़ने यहां आता था, तो उसकी ननद से छिप-छिप कर मिलता रहा है और दोनों के बीच प्रेमप्रसंग चल रहा था। इसलिए परिवार वालों ने दोनों की शादी करा दी। दूल्हा अपनी दुल्हन को छोड़कर अपने घर आ गया। वहीं दोनों परिवारों को बीच समझौते के लिए बातचीत चल रही है। दोनों परिवार आपस में मामला सुलझाने में लगे हुए हैं।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page