सुरेश पचौरी, संजय शुक्ला, विशाल पटेल के साथ कई कांग्रेसी भाजपा में शामिल

विहान हिंदुस्तान न्यूज
म.प्र. में आज पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व विधायक संजय शुक्ला व विशाल पटेल समेत 15 से ज्यादा कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने इन्हें भोपाल में पार्टी की सदस्यता दिलाई।
लंबे समय से ये चल रहा था कि कुछ बड़े कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल होने वाले थे लेकिन ये स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही थी। कुछ दिन पहले कमलनाथ व उनके बेटे नकुलनाथ सहित कुछ अन्य बड़े नेताओं का नाम तो चला था लेकिन एकाएक मामला कमजोर पड़ गया। आज सुबह भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में सीएम व प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कुछ मंत्रियों की मौजूदगी पचौरी व उनके साथ आए कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ली। इंदौर के लिए मुख्य बात यह है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में संजय शुक्ला विधानसभा 1 और विशाल पटेल देपालपुर से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में उतरे थे हालांकि दोनों ही हार गए थे। संजय शुक्ला तो कैलाश विजयवर्गीय के सामने चुनाव लड़े थे। आज कैलाश विजयवर्गीय ने ही इन दोनों को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर मिठाई खिलाई। संजय शुक्ला ने कहा मैं तो कांग्रेस से तभी नाराज हो गया था जब अयोध्या के राम मंदिर के आमंत्रण पर भी कांग्रेस नहीं गई थी। आपको बता दें संजय शुक्ला के पिता स्वर्गीय विष्णु प्रसाद शुक्ला (बड़े भैय्या) भाजपा के दिग्गज नेता थे और इंदौर में भाजपा को स्थापित करने में उनका विशेष योगदान रहा है। पहले भी संजय के भाजपा में शामिल होने की बात आती रही थी लेकिन तब कोई न कोई कारण आते रहे। हालांकि उनके पिता के करीबियों का कहने है बड़े भैय्या पहले से ही चाहते थे संजय भाजपा ज्वाइन करें लेकिन ऐसा हो नहीं सका। अब देखना ये है कांग्रेस के दो दिग्गज पूर्व विधायकों के भाजपा में आने के बाद क्या विशेष होता है? इन दोनों को कोई अहम जिम्मेदारी मिलती है या होमगार्ड के सिपाही की तरह इनका उपयोग किया जाएगा। ज्ञात रहे होमगार्ड के सिपाहियों को कानून व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस या जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगाया जाता है, उन्हें अलग से कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाती है।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page