मेरा नाम है कैलेंडर….. गाने से ख्यात हुए सतीश कौशिक का निधन, होली की पार्टी में किया था खूब डांस
![](https://www.vihanhindustan.com/wp-content/uploads/2023/03/सतीश-कौशिक.jpg)
विहान हिंदुस्तान न्यूज
मिस्टर इंडिया फिल्म में कैलेंडर नाम के व्यक्ति की भूमिका निभाने वाले डायरेक्टर-एक्टर सतीश कौशिक का आज निधन हो गया। पप्पू पेजर सहित कई अन्य किरदारों में जान फूंक देने वाले इस अभिनेता ने एक दिन पहले दिल्ली में अपने परिवार के साथ होली खेली और खूब डांस किया। इस पार्टी में ही उन्हें कुछ असहज लगा जिससे उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। एक दिन पहले उन्होंने मुंबई में अपने फिल्मी साथियों के साथ भी खूब होली खेली थी।
सतीश कौशिक (66) की मौत की सूचना उनके खास दोस्त व फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने दी। इस अभिनेता ने 7 मार्च को मुंबई में अपने फिल्मी साथियों के साथ होली खेली। यहां उन्होंने कई फोटो भी शेयर किए। जावेद अख्तर, ऋचा चड्ढा सहित कई अभिनेता यहां मौजूद थे। मुंबई में होली खेलने के बाद सतीश कौशिक दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। यहां उन्होंने 8 मार्च को अपने परिवार के साथ होली खेली। बताया जाता है थकान के बावजूद वे होली खेलते रहे जिससे उन्हें परेशानी झेलना पड़ी। सतीश कौशिक ने जाने भी दो यारों, कागज, स्वर्ग, जमाई राजा, साजन चले ससुराल, मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी सहित अनेकों फिल्मों में शानदार अभिनय किया।
नीना गुप्ता प्रेग्नेंट थी तब किया था प्रपोज
सतीश कौशिक के बारे में बताया जाता है वे पर्दे पर जितना शानदार अभिनय करते थे उतने ही वे पर्दे के पीछे एक बेहतरीन व्यक्ति थे। अभिनेत्री नीना गुप्ता का जब वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स से प्रेम प्रसंग खत्म हुआ तब तक वे विव के बच्चे को जन्म देने की स्थिति में आ गई थी। उस समय सतीश कौशिक ने नीना गुप्ता से न सिर्फ शादी करने की बात कही साथ ही कहा बच्चे को भी वे अपनाएंगे। इस बात का खुलासा नीना गुप्ता ने अपनी किताब सच कहूं तो में किया है। उन्होंने कहा सतीश कौशिक ने उनसे शादी करके मसाबा के पिता बनने की इच्छा जाहिर की थी। सतीश कौशिक ने यह भी कहा था कि बच्चे की स्कीन डार्क रही तो कहना यह हमारा बच्चा है, किसी को पता नहीं चलेगा।