टाइम्स नाऊ-नवभारत सर्वे : म.प्र. में कांग्रेस को 128 सीटें, होगा सत्ता परिवर्तन, मालवा-निमाड़-ग्वालियर चंबल में भाजपा काफी कमजोर

विहान हिंदुस्तान न्यूज

म.प्र. में संभवत: नवंबर माह में विधानसभा चुनाव होना है और टाइम्स नाऊ-नवभारत के चुनाव सर्वे ने भाजपा को चिंता में डाल दिया है। सर्वे की माने तो म.प्र. में सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है और कांग्रेस की सरकार बन रही है। भाजपा को बड़ा नुकसान ग्वालियर-चंबल व मालवा-निमाड़ से होना है। हालांकि भाजपा का कहना है यह सर्वे 20 सितंबर तक के आंकड़ों का है और उसने 27 सितंबर के बाद प्रदेश में अपनी रणनीति बनाई है। कांग्रेस का कहना है हमारी 140 से ज्यादा सीटें आएगी जबकि सर्वे में 128 तक ही बताई जा रही है।

जो सर्वे किया गया है उसमें फिलहाल कांग्रेस-भाजपा के बीच ही कांटे की टक्कर बताई जा रही है लेकिन कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ने के साथ कुछ सीटे ज्यादा होना भी बताया जा रहा है। सर्वे के अनुसार भाजपा को प्रदेश में 102 से 110 सीटें मिल सकती है जबकि कांग्रेस को 118 से 128 सीटें मिलेगी। दो सीटें अन्य दलों के खाते में जाएगी। वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को 42.8 फीसदी वोट मिल सकते हैं जबकि कांग्रेस को 43.8 फीसदी वोट मिलेंगे। अन्य के खाते में 13.40 प्रतिशत वोट जा सकते हैं। 2018 के चुनाव में वोट शेयर में भाजपा कांग्रेस के मुकाबले आगे तो थी लेकिन सीटे ज्यादा कांग्रेस को मिली थी। कुल मिलाकर भाजपा सरकार के प्रति एंटी इन्कम्बेंसी साफ देखी जा रही है।

कुछ ये आंकड़े बता रहा है सर्वे

सर्वे के मुताबिक ग्वालियर-चंबल इलाके में विधानसभा की 34 सीटें हैं। यहां भाजपा को महज 4 से 8 सीटें मिल सकती है जबकि कांग्रेस के खाते में 26 से 30 सीटें जाएगी। आपको बता दें इस क्षेत्र से जहां नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों ही आते हैं। भाजपा ने नरेंद्र सिंह तोमर को तो उम्मीदवार बना ही दिया है जबकि सिंधिया के मैदान में उतरने की बात भी कही जा रही है। सिंधिया ने खुद मीडिया को कहा कि पार्टी यदि उन्हें टिकट देगी तो वे जरूर चुनाव लड़ेंगे। शिवपुरी से संभवत: सिंधिया को चुनाव लड़ाया जा सकता है।

उधर, सर्वे की माने तो मालवा-निमाड़ में भी भाजपा को झटका लगता दिख रहा है। मालवा-निमाड़ में 66 सीटें हैं और यह भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है। सर्वे की माने तो यहां भाजपा को 20 से 24 सीटें मिलती दिख रही है जबकि कांग्रेस को 41 से 45 सीटें मिल रही है।

यहां है भाजपा को कुछ फायदा…

विंध्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर तो है लेकिन भाजपा के पक्ष में माहौल दिख रहा है। यहां 30 सीटें हैं जिसमें भाजपा के खाते में 19 से 21 सीटे जाती दिख रही है। कांग्रेस को 8-10 सीटें मिल सकती है। साल 2018 के चुनाव में भी भाजपा का यहां प्रदर्शन अच्छा रहा था। मध्यभारत में कुल 36 विधानसभा सीटें है जिसमें भाजपा के खाते में 22 से 24 सीटें देखी जा रही है। कांग्रेस को 12 से 14 सीटें मिल सकती है। महाकौशल में भाजपा-कांग्रेस में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। यहां भाजपा के पास 18 से 22 सीटें तो कांग्रेस के पास 16 से 20 सीटें जा सकती है। बुंदेलखंड क्षेत्र में 26 सीटें हैं जिसमें 13 से 15 सीटें भाजपा को तथा 11 से 13 सीटें कांग्रेस के पास जा सकती है।

You may have missed

ArabicChinese (Simplified)DutchEnglishFrenchGermanGujaratiHindiItalianMalayalamMarathiNepaliPortugueseRussianSpanishUkrainianUrdu

You cannot copy content of this page